इंडियन आइडल फेम स्नेहा शंकर नाईट आज, बिखेरेंगी सुरों का जादू

BY — June 4, 2026

उदयपुर। डाॅ.जे. के. तायलिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित एवं इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट के सहयोग से 5 जून को आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में इंडियन आइडल सीजन 15 की चर्चित फाइनलिस्ट एवं युवा पाश्र्व गायिका स्नेहा श्ंाकर नाईट का निःशुल्क आयोजन किया जा रहा है जिसमें स्नेहा शंकर बाॅलीवुड फिल्मों के गीतों की अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क लेकिन कार्ड से होगा। कार्यक्रम में शहर की उभरती गायिका पामिल मोदी भी अपनी प्रस्तुति देगी। इस अवसर पर डा. जेके तायलिया ने बताया कि स्नेहा शंकर प्रसिद्ध सूफी जोड़ी शंकर-शंभू के स्वर्गीय शंकर की पौत्री तथा सुप्रसिद्ध संगीतकार एवं पाश्र्व गायक राम शंकर की पुत्री हैं। बचपन से ही संगीत के वातावरण में पली-बढ़ीं स्नेहा ने तीन वर्ष की आयु से शास्त्रीय एवं समकालीन संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त किया और आज वे भारतीय संगीत जगत की उभरती हुई प्रतिभाओं में अग्रणी स्थान रखती हैं।

इंडियन आइडल 15 में अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उन्होंने देशभर के दर्शकों और संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों श्रेया घोषाल, सोनू निगम, शंकर महादेवन, विशाल ददलानी, बादशाह एवं भूषण कुमार का दिल जीता था। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर टी-सीरीज ने उन्हें रिकॉर्डिंग कॉन्ट्रैक्ट भी प्रदान किया। हाल ही में स्नेहा ने महान संगीतकार ए. आर. रहमान के साथ फिल्म “ठग लाइफ” तथा संगीतकार विशाल मिश्रा के साथ फिल्म “हक” के लिए अपनी आवाज दी है। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों, वेब सीरीज, टीवी धारावाहिकों और म्यूजिक एल्बम्स के लिए भी गीत रिकॉर्ड किए हैं, जो शीघ्र ही रिलीज होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभायें परिवेश की मोहताज नहीं होती है। इस आयोजन के सहयोगी इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास, युवा सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। वह आस-पास के क्षत्रों के विकास हेतु निरन्तर प्रयासरत है। संस्था का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं को प्रेरित करना तथा प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। विभिन्न सामाजिक अभियानों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं जनहित कार्यक्रमों के माध्यम से इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट समाज में परिवर्तन की अलख जगा रहा है। छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने हेतु प्रास कर रहा है। भविष्य में 200 छात्रों को छात्रवृत्ति देने का प्रयास किया जायेगा। डा. जेके तायलिया फाउंडेशन एवं इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम संगीत, युवा ऊर्जा और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत संगम होगा। स्नेहा शंकर की प्रस्तुति इस संध्या का मुख्य आकर्षण रहेगी और संगीत प्रेमियों के लिए यह कार्यक्रम एक यादगार अनुभव साबित होगा। कार्यक्रम में उन लोगों को भी सम्मानित किया जायेगा, जो ग्राउण्ड स्तर से उपर उठकर अपना मुकाम हासिल किया है।
डॉ. जे.के. तायलिया फाउंडेशन एक समर्पित गैर-लाभकारी संस्था है, जो उदयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों, कला और संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य मेवाड़ की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और स्थानीय प्रतिभाओं को वह मंच उपलब्ध कराना है, जिसकी वे हकदार हैं। स्थानीय कलाकारों को नई पहचान देने का अभियान-फाउंडेशन उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों में संगीत एवं कला से जुड़े कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत और समकालीन संगीत जैसी विभिन्न विधाओं में कार्यरत प्रतिभाशाली कलाकारों को सम्मान, अवसर और मंच प्रदान कर उनकी कला को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था का विश्वास है कि कलाकार किसी भी समाज की सांस्कृतिक आत्मा होते हैं और उनका संरक्षण हमारी साझा जिम्मेदारी है। संस्कृति के साथ सामाजिक सरोकार-डॉ. जे.के. तायलिया फाउंडेशन केवल कला और संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संस्था अनाथ बच्चों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, जरूरतमंद परिवारों और रात्रि आश्रय गृहों में रहने वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर सहयोग प्रदान करती है। इस अवसर पर प्रसिद्ध गज़ल गायक डाॅ. प्रेम भण्डारी,राजेश शर्मा भी मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *