भारतीय खनन दिवस पर एमईएआई उदयपुर चैप्टर की राष्ट्रीय तकनीकी संगोष्ठी आज, विशेषज्ञों के साथ होगा मंथन; मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगी 36 हजार रुपये की छात्रवृत्तियां
उदयपुर। खनन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सुरक्षा, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईएआई), राजस्थान चौप्टरदृउदयपुर की ओर से भारतीय खनन दिवस पर 1 नवंबर को राष्ट्रीय तकनीकी संगोष्ठी एवं पैनल परिचर्चा आयोजित की जाएगी। चीरवा घाटा, एकलिंगजी रोड स्थित लाभगढ़ रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘स्मार्ट माइनिंगरू रिसोर्स टू रेजिलिएंस’ रखा गया है। कार्यक्रम में खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ, सरकारी विभागों के अधिकारी, राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि और शिक्षाविद् भाग लेकर खनन उद्योग की चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
एमईएआई उदयपुर चौप्टर के सचिव डॉ. हितांशु कौशल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य सरकारी विभागों की विशेषज्ञता और उद्योग के व्यावहारिक अनुभवों को एक मंच पर लाकर खनन क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान एवं पेशेवर सहयोग को मजबूत करना है। कार्यक्रम में खान एवं भूविज्ञान विभाग (डीएमजी), भारतीय खान ब्यूरो (आईबीएम), खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) तथा भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
आधुनिक तकनीक और सुरक्षित खनन पर होगा मंथन
संगोष्ठी में खनिज अन्वेषण, खनिज प्रसंस्करण, मार्बल एवं ग्रेनाइट, सीमेंट उद्योग तथा क्रिटिकल, औद्योगिक एवं सामरिक खनिजों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। तकनीकी सत्रों में आधुनिक खनन तकनीक, डिजिटलीकरण, संसाधनों का कुशल उपयोग, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सुरक्षित उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पैनल परिचर्चा में विशेषज्ञ खनन उद्योग की व्यावहारिक चुनौतियों, तकनीकी समाधानों और भविष्य की खनिज आवश्यकताओं पर अपने विचार रखेंगे।
डॉ. कौशल ने कहा कि स्मार्ट माइनिंग का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ खनन को अधिक सुरक्षित, संसाधन-कुशल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना है। यह आयोजन भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप खनन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगी 36 हजार रुपये की छात्रवृत्तियां
एमईएआई उदयपुर चौप्टर के कोषाध्यक्ष आर.सी. पुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीटीएई, उदयपुर के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी। अंतिम वर्ष में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करने वाले हर्ष मालवीय को 21 हजार रुपये तथा तृतीय वर्ष में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करने वाली सौम्यांशी नागदा को 15 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। दोनों छात्रवृत्तियों की कुल राशि 36 हजार रुपये है।
पांच संस्थानों के 72 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
भारतीय खनन दिवस की गतिविधियों के तहत 25 अक्टूबर को ‘स्मार्ट माइनिंगरू रिसोर्स टू रेजिलिएंस’ विषय पर तकनीकी लेख एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें पांच शैक्षणिक संस्थानों के 72 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें सीटीएई, सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग, पेसिफिक विश्वविद्यालय तथा संगम विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शामिल थे।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, संयुक्त द्वितीय पुरस्कार के तहत प्रत्येक विजेता को 2,100 रुपये तथा संयुक्त तृतीय पुरस्कार के तहत प्रत्येक विजेता को 1,100 रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त चार विद्यार्थियों को 500-500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं को भारतीय खनन दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
सात दशकों से खनन क्षेत्र में योगदान दे रहा एमईएआई
चौप्टर उपाध्यक्ष आसिफ एम. अंसारी ने बताया कि वर्ष 1957 में स्थापित एमईएआई के देशभर में 28 क्षेत्रीय चौप्टर हैं और इससे 6,800 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। संगठन खनन विज्ञान, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक विकास और उद्योग एवं सरकार के बीच समन्वय को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है।
वर्ष 1998 में स्थापित एमईएआई उदयपुर चौप्टर तकनीकी संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, व्याख्यानों और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से खनन क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित कर रहा है। चौप्टर को पिछले दस वर्षों में पांच बार सर्वश्रेष्ठ चौप्टर का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अंतर्गत सीटीएई, उदयपुर; सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय तथा संगम विश्वविद्यालय, भीलवाड़ा में तीन छात्र चौप्टर भी सक्रिय हैं।
कार्यक्रम का आयोजन चौप्टर अध्यक्ष महेश माथुर एवं उपाध्यक्ष आसिफ एम. अंसारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन में संरक्षकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और सदस्यों का सहयोग रहेगा। सदस्यों के परिवारों के लिए विशेष गतिविधियों एवं पारिवारिक मिलन का कार्यक्रम भी रखा गया है।
पत्रकार वार्ता में सचिव डॉ. हितांशु कौशल, कोषाध्यक्ष आर.सी. पुरोहित, कार्यकारिणी सदस्य अनुपम भटनागर, डी.डी. श्रीपथ, वाई.सी. गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।