Header Banner

आधी दुनिया ने वाहन रैली निकाल दिखाई ताकत

BY — March 7, 2018

देखने उमड़ा हुजूम, फतहसागर पर हुआ कार्यक्रम, महिला दिवस के उपलक्ष्य में महावीर युवा मंच संस्थान का आयोजन

उदयपुर। श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ की ओर से महिला दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को निकाली गई विशाल महिला सशक्तिकरण वाहन रैली आमजनों के आकर्षण का केंद्र रही। न सिर्फ दुपहिया बल्कि चार पहिया वाहनों को भी महिलाएं ही चला रही थीं।

रैली को सुबह 9 बजे समाजसेवी सुशीला सावनसुखा, डॉ. स्वीटी छाबड़ा एवं डीआईजी (जेल) प्रीता भार्गव ने हरी झंडी दिखाई। रैली में सबसे आगे रॉयल एनफील्ड पर तिरंगा लिए महिला प्रकोष्ठ की सदस्य चल रही थी। उनके पीछे जीप चला रही महिला सदस्य पुरुषों के साथ कदमताल करती प्रतीत हो रही थीं। जीप में डीआईजी (जेल) प्रीता भार्गव हाथ में झंडा लिए पूरी रैली में मौजूद रहकर नारी सशक्तिकरण का आह्वान किया। जीप के पीछे कुर्ता पायजामा और जैकेट पहने महिलाएं पुरूषों के समकक्ष चलने का संदेश दे रही थीं। श्राविका संघ की महिलाएं रंग-बिरंगी राजस्थानी वेशभूषा में अपनी आन-बान-शान का प्रतीक प्रदर्शित कर रही थीं। तेरापंथ महिला मंडल की महिलाएं पीले रंग की एक जैसी साड़ियों में विविधता में एकता का प्रदर्शन कर रही थीं। महिलाओं के एक ग्रुप ने दांई ओर पुरूषों का वेश धारण खुद को अर्द्धनारीश्वर का रूप प्रदान किया। महिलाओं ने अपने अपने वाहनों पर विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लगा रखी थीं।
प्रकोष्ठ की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलुण्डिया ने बताया कि बुधवार सुबह 7.30 बजे से महिलाओं का जुटना आरम्भ हो गया था। 8.30 बजे निर्णायकों ने विभिन्न स्पर्धाओं के लिए प्रतियोगियों का चयन किया और फिर रैली टाउनहॉल से रवाना हुई जो सूरजपोल, बापू बाजार, चेतक होते हुए फतहसागर पहुंची। रैली में करीब पांच सौ से अधिक दुपहिया वाहन और करीब सौ चार पहिया वाहन शामिल हुए।
वहां हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एएसपी रानू शर्मा ने कहा कि प्रकृति और महिलाएं दोनों समान हैं। दोनों जन्म देती हैं। महिलाएँ अपनी लड़कियों के साथ लड़कों को भी संस्कारित करें कि वे महिलाओं, लड़कियों को इज्जत की दृष्टि से देखें। अगर लड़के संस्कारित होंगे तो बलात्कार आदि की घटनाएं होंगी ही नहीं।
संस्थान के मुख्य संरक्षक एवं तेरापंथी मेवाड़ जैन कांफ्रेंस के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कहा कि महिलाएं इस बार पर चिंतन करे कि किस तरह हम घर-परिवार के साथ समाज और देश के विकास में आगे आ सकें और संस्कारों में रहते हुए सशक्त बनें। विशिष्ट अतिथि दृष्टि फाउंडेशन की निदेशक डाॅ. स्वीटी छाबड़ा, जिला वन अधिकारी राजकुमार जैन आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
प्रकोष्ठ की महामंत्री सोनल सिंघवी ने बताया कि कारों की संख्या को लेकर वर्धमान पुष्कर युवा मंच के युवती प्रकोष्ठ एवं विज्ञान समिति को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। बेस्ट स्लोगन के लिए ज्योति सिंघवी की कार एवं बेस्ट डेकोरेटिव कार के लिए बड़ी सादड़ी जैन मित्र मंडल की कार को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार दुपहिया वाहन में संख्या को लेकर राष्ट्रीय जैन एकता मंच को प्रथम एवं भक्ति महिला मंडल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। बेस्ट डेªस आॅफ ग्रुप का पुरस्कार लेकसिटी क्वीन, बेस्ट इनोवेटिव का पुरस्कार प्रेरणा बहु मंडल एवं बेस्ट स्लोगन का पुरस्कार आदिनाथ महिला मंच को प्रदान किया गया। रैली के लिए गठित संयोजक मण्डल में मंजू फत्तावत, कुसुम जारोली, राजश्री मुणोत, मीना पगारिया और लक्ष्मी कोठारी ने सेवाएं दी। संस्थान के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चोरडिया ने स्वागत उद्बोधन दिया।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply