Header Banner

पेरिस में चमका पेसिफिक का स्टूडेंट अजीम तारिक

BY — July 15, 2026

स्पेशल ओलंपिक यूनिफाइड फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने जीता सिल्वर मेडल
उदयपुर। पेरिस में सम्पन्न हुए स्पेशल ओलंपिक यूनिफाइड फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर देश और राजस्थान का नाम रोशन किया। टीम के कप्तान पेसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पाहेर विश्वविद्यालय के बी.टेक. के छात्र अजीम तारिक रहे, जिन्होंने पूरी प्रतियोगिता के दौरान शानदार नेतृत्व और मजबूती भरा प्रदर्शन दिखाया। यह पदक विशेष रूप से पूरी टीम के आपसी सामन्जस्य और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।
पेसिफिक ग्रुप के चैयरमेन राहुल अग्रवाल ने बताया कि पेरिस में हुए स्पेशल ओलंपिक यूनिफाइड फुटबॉल वल्र्ड कप 2026 के कठिन मुकाबलों में भारतीय टीम ने तकनीक, टीमवर्क और अटूट हौंसले का परिचय दिया। अजीम की कप्तानी में टीम ने कई कठिन प्रतिद्वंदियों को चुनौती दी और अंतिम चरण तक पहुँच कर इतिहास रचा। साथ ही अग्रवाल ने कहा कि टीम के अनुशासन, खेल-बुद्धि और साथियों के प्रति आपसी सहयोग से आज देश को इतना बड़ा उपहार मिला है।

ग्रुप प्रेसिडेंट ऑफ पेसिफिक यूनिवर्सिटी प्रो. बी.पी. शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ एक पदक नहीं है, भारत के युवाओं ने साबित कर दिया है कि चाहे खेल हो या कोई अन्य क्षेत्र सभी में भारतीय सबसे अधिक प्रतिभाषाली हैं। यह पदक कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।
पाहेर विश्वविद्यालय के वाइस-चांसलर प्रो. हेमन्त कोठारी ने अजीम और टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि सही दिशा और निरंतर मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता संभव है।
पेसिफिक विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शरद कोठारी ने कहा कि आज पूरा शहर, समस्त शिक्षक और विद्यार्थी गौरवान्वित हैं और अजीम तथा टीम के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दे रहे हैं। फैकल्टी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर प्रो. दिलेन्द्र हिरन ने भी अजीम के नेतृत्व व अनुशासन की प्रशंसा की और बताया कि उनकी यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए बुनियाद बनेगी। इस ऐतिहासिक सफलता ने उदयपुर और राजस्थान में स्पेशल ओलंपिक जैसे समावेशी खेलों के महत्व को आगे बढ़ाया है और उम्मीद जगाई है कि इससे क्षेत्र में प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.