Header Banner

हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास ने जिंक-एयर बैटरी तकनीक में हासिल की बड़ी सफलता

BY — November 26, 2026

नेक्स्ट जनरेशन इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में 1 किलोवाॅट जिंक-एयर बैटरी को रेंज एक्सटेंडर के रूप में किया एकीकृत, स्वदेशी जिंक-आधारित ऊर्जा भंडारण तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धि, भारत के प्रचुर जिंक संसाधनों का उपयोग कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
चेन्नई / उदयपुर। विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने आईआईटी मद्रास के साथ मिलकर एक ऐसे इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर प्रोटोटाइप का अनावरण किया है, जिसमें लगभग 1 किलोवाॅट क्षमता की जिंक-एयर बैटरी को रेंज एक्सटेंडर के रूप में जोड़ा गया है। यह विकास इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए स्वदेशी और सस्टेनेबल ऊर्जा भंडारण समाधान विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रोटोटाइप का अनावरण हाल ही में आयोजित आईआईटी मद्रास एनर्जी समिट 2026 में किया गया। यह उपलब्धि हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास के बीच चल रहे शोध सहयोग का परिणाम है और जिंक-आधारित बैटरी तकनीक के व्यावहारिक उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश, आईआईटी मद्रास के डीन (आईसीएसआर) प्रो. मनु संथानम तथा इस परियोजना का नेतृत्व करने वाले डॉ. अरविंद कुमार चंदिरन सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विश्व में स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में किफायती, सुरक्षित और सस्टेनेबल ऊर्जा भंडारण समाधानों की आवश्यकता भी बढ़ रही है। जिंक अपनी प्रचुर उपलब्धता, पुनर्चक्रण क्षमता और संभावित लागत लाभ के कारण अगली पीढ़ी की बैटरी तकनीकों के लिए एक महत्वपूर्ण धातु बनकर उभर रहा है। यह इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर दोहरी बैटरी प्रणाली पर आधारित है। इसमें मौजूदा लिथियम-आयन बैटरी वाहन की गति और उच्च ऊर्जा आवश्यकता को पूरा करती है, जबकि जिंक-एयर बैटरी संचालन के दौरान लगातार ऊर्जा प्रदान करती है। जिंक-एयर बैटरी वाहन की कुल ऊर्जा जरूरत का लगभग 10 प्रतिशत योगदान देती है।
इस अवसर पर, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश, ने कहा कि, “हिंदुस्तान जिंक में हम जिंक के नए उपयोगों की लगातार खोज कर रहे हैं ताकि इस बहुउपयोगी धातु से अधिक मूल्य सृजित किया जा सके। भारत में जिंक की प्रचुर उपलब्धता स्वदेशी ऊर्जा भंडारण समाधान विकसित करने का बड़ा अवसर प्रदान करती है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को सहयोग दे सकती है। आईआईटी मद्रास के साथ हमारा सहयोग वैज्ञानिक शोध को व्यावहारिक समाधान में बदलने, जिंक के लिए नए मांग क्षेत्रों का निर्माण करने और वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में इसकी भूमिका को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
जिंक-एयर बैटरी जिंक और वातावरण में मौजूद ऑक्सीजन की सहायता से बिजली उत्पन्न करती हैं। इनमें पानी आधारित और गैर-ज्वलनशील इलेक्ट्रोलाइट का उपयोग किया जाता है। साथ ही जिंक एक आसानी से उपलब्ध और पुनर्चक्रण योग्य धातु है, जिससे यह तकनीक सुरक्षा, लागत और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहतर विकल्प बनने की क्षमता रखती है।
यह सहयोग वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और अब प्रयोगशाला स्तर के अनुसंधान से आगे बढ़कर वाहन-स्तरीय प्रदर्शन तक पहुंच चुका है, जो स्वदेशी जिंक-एयर बैटरी तकनीक के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटी ने शोध टीम को बधाई देते हुए कहा, “ऊर्जा आज दुनिया भर में सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है, चाहे वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हो, कृषि हो या उन्नत विनिर्माण। विभिन्न स्रोतों, विशेषकर नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन, भंडारण और वितरण के लिए नए समाधान विकसित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिंदुस्तान जिंक के साथ हमारा यह सहयोग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।”
हिंदुस्तान जिंक नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में जिंक-आधारित बैटरी तकनीकों की संभावनाओं को सक्रिय रूप से तलाश रहा है। कंपनी अपनी एचजेडएल 2.0 रणनीति के तहत नवाचार, मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास और वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन में जिंक की भूमिका को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.