शक्ति की भक्ति के प्रतीक नवरात्रा आरंभ

BY — October 16, 2012

शक्तिपीठों पर उमडे़ श्रद्धालु

udaipur. शहर के शक्तिपीठों पर शारदीय नवरात्रा के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सूने बाजार भी चहक उठे। सुनसान पड़े बाजारों में भी यकायक चहल पहल हो गई। सुबह अभिजीत मुहूर्त में शक्तिपीठों सहित घरों में भी घटस्थायपना की गई। जवारे भी बोए गए।

नीमज माता

नवरात्रि के उपलक्ष्य में शक्तिपीठों व देवालयों पर रंग बिरंगी रोशनी व फर्रियों से सजावट की गई है। भक्तों  की सुबह से रेलमपेल शुरू हो गई। मेले सी रंगत लिए मंदिरों में भक्तों की आवक सुबह से शुरू हुई जो देर तक जारी रही। भक्तों ने माता को ओढ़ाने के लिए चुनरी, प्रसाद, श्रीफल व मालाएं अर्पित कर दर्शन लाभ लिया। दर्शनार्थियों की संख्या देखते हुए कहीं कहीं दर्शनों की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
शहर के अम्बामाताजी, सुखदेवी (बेदला) माताजी, नीमज माताजी, हस्तीमाताजी, चामुंडा माताजी, आवरी माताजी, कालका माताजी, करणी माताजी मंदिरों में प्रतिमाओं को आकर्षक श्रृंगार धराया गया। विविध मिष्ठा,नों का भोग लगाया गया। भक्तों ने व्रत-उपवास भी रखे हैं तो कई भक्तों ने नवरात्रा में नंगे पांव रहने का संकल्प किया है। मंदिरों पर आम्रपाल, केले के पत्तों व पुष्पों से सजावट की गई है वहीं मंदिर मार्गों पर चमकीली फर्रियां लगाकर आकर्षक विद्युत रोशनी की गई है।
शुभ मुहूर्त में कुम्भकार के यहां से प्रतिमाओं की पूजा कर टोलियों के रूप में युवाओं ने अपने अपने क्षेत्रों में गरबा, डांडिया रास के लिए माता के जयकारों के साथ लाई गई प्रतिमाएं स्थापित की। प्रतिदिन माताजी की प्रतिमाओं की आरती कर विशेष श्रृंगार धराए जाएंगे वहीं मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलेगा। शाम को गरबा-डांडिया का आयोजन होगा। शहर के कई स्थानों पर गरबा आयोजन हो रहे हैं। कहीं कहीं एक हजार रुपए प्रतिदिन कपल एंट्री तक रखी गई है तो कहीं निशुल्क आयोजन भी हो रहे हैं।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply