देवास परियोजना हमारी प्राथमिकता : गहलोत

BY — November 17, 2012

मुख्यमंत्री ने किया देवास परियोजना निर्माण स्थल का अवलोकन
तीसरे व चौथे चरण के सर्वे के लिए राशि मंजूर

udaipur. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोहनलाल सुखाडि़या जल अपवर्तन परियोजना को पूर्ण कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। परियोजना के शेष दो चरण पूर्ण हो जाते हैं तो इससे उदयपुर जिले में पर्यटन को बढा़वा मिलने के साथ ही सम्पूर्ण प्रदेश को फायदा मिलेगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को उदयपुर जिले की महती देवास परियोजना के द्वितीय चरण के तहत निर्मित मादडी़ लिंक टनल एवं बांध स्थल के अवलोकन के पश्चात आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उदबोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मोहनलाल सुखाडि़या का देखा गया सपना अब साकार होने लगा है। उन्होंने कहा कि परियोजना के कुल चार चरणों में से अब तक दो चरण पूर्ण हो चुके हैं। द्वितीय चरण के तहत निर्मित होने वाले मादडी़ बांध का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा आकोदडा़ बांध पेटे निर्माण हेतु जल संसाधन विभाग द्वारा पुन: निविदा आमंत्रित की गई है। यह कार्य आगामी वित्तीय वर्ष में पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने पर देवास परियोजना का पानी उदयपुर की जिलों को छलकाते हुए चित्तौड़गढ़ होते हुए बनास में प्रवेश करेगा और फिर बीसलपुर बांध तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के तृतीय चरण में गोगुन्दा तहसील के नाथिया थल गांव के पास बांध एवं 10.38 किलोमीटर लम्बी सुरंग प्रस्तावित है। परियोजना के चतुर्थ चरण में गोगुन्दा के अम्बावा गॉव के पास बांध एवं 3.88 किलोमीटर लम्बी सुरंग प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि मोहनलाल सुखाडि़या जल अपवर्तन परियोजना के चार में से दो चरण करीब पूर्ण हो गए हैं। तृतीय एवं चतुर्थ चरण के सर्वेक्षण के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा 79 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी गई है। तृतीय एवं चतुर्थ चरण में निर्मित होने वाले बांध एवं सुरंग के बन जाने के पश्चात चारों चरण एक दूसरे से जुड़ जाने के पश्चात वर्षाकाल का पानी व्यर्थ बहकर गुजरात जाने पर रोक लगेगी।
राजीव गांधी सेवा केन्द्र का लोकार्पण : इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने गिर्वा पंचायत समिति की बछार ग्राम पंचायत में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजीव गांधी सेवा केन्द्र का लोकार्पण भी किया। जनप्रतिनिधियों सहित आम लोगों का आह्वान किया कि वे सरकार की चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का आगे आकर लाभ उठाएं।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा जनजाति क्षेत्रिय विकास मंत्री महेन्द्र जीत सिंह मालविया, सांसद रघुवीर सिंह मीणा, विधायक चित्तौड़गढ़ सुरेन्द्रसिंह जाडा़वत, गिर्वा प्रधान सुखबीर कटारा सहित बडी़ संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *