Header Banner

सुविवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एक मंच पर आए

BY — November 18, 2014

कांग्रेस के युवा एवं एनएसयूआई प्रत्याशियों को जिताएंगे

181104उदयपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस के वार्ड 35 से प्रत्याशी एवं सुविवि के पूर्व अध्यक्ष केजी मूंदडा़ के समर्थन में मंगलवार को सुविवि के सभी पूर्व अध्यक्ष एक मंच पर आए और 20 वर्षों से नगर निगम बोर्ड में काबिज भाजपा बोर्ड का उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।

बोहरा गणेश स्थित गणपति विहार वाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले 20 वर्षों से भाजपा का बोर्ड शहर में काबिज है, जिसके चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था आज खस्ताहाल है एवं शहर में गंदगी के ढेर लगे हैं। शहर के विकास के लिए किसी प्रकार का मास्टर प्लान भी नहीं बनाया गया है। उन्होंने भाजपा बोर्ड पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो भी भाजपा का पार्षद बनकर आया आज वह निगम में ठेकेदार बनकर बैठा है।
उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस नेतृत्व में युवाओं को मौका दिया है। शहर की कई सीटों पर एनएसयूआई एवं छात्रसंघ में सक्रिय रहे युवा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। एनएसयूआई के विक्रम खटीक, दिनेश भोई, हर्षवर्धन सिंह केलावत सहित कई सीटों पर युवाओं को मौका दिया गया है। साझे मंच से इन पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों ने कहा कि युवाओं को नेतृत्व देने से कांग्रेस इस बार शहर की करीब 35 सीटों पर विजयी होगी। पत्रकार वार्ता के दौरान वार्ड 35 के प्रत्याशी केजी मूंदडा़ ने वार्ड में राजकीय चिकित्सालय स्थापना, बोहरा गणेश क्षेत्र एवं गंगोदभव कुण्ड की सफाई व्यवस्था, सामुदायिक भवन का निर्माण, पानी की बडी़ पाइप लाइन, धूलकोर्ट चौराहों का सौन्दर्यकरण आदि उनके प्रमुख मुद्दे रहेंगे। इस दौरान सुविवि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रहे दुर्गासिंह राठौड़, खूबीलाल मेनारिया, करणवीर  सिंह चौधरी, विनोद पानेरी, अनुराग शर्मा, राजसिंह झाला, पंकज शर्मा, दिलीप सिंह सिसोदिया, सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply