आइमा मैनेजमेन्ट गेम्स : लगातार छठें वर्ष पेसिफिक के छात्रों का परचम

BY — November 9, 2017

उदयपुर। ऑल इण्डिया मैनेजमेन्ट एसोसिएशन (आईमा) द्वारा नई दिल्ली में आयोजित साइम्युलेटेड मैनेजमेन्ट गैम्स के उत्तरी भारत जोनल फाइनल में पेसिफिक विश्वविद्यालय ने लगातार छठे वर्ष जीत का परचम लहराया।

आईमा द्वारा 6-8 नवम्बर को आयोजित उत्तरी भारत क्षेत्र के कॉम्पीटीशन में पेसिफिक विश्वविद्यालय के दल ने उत्तर भारत की ख्यातनाम मैनेजमेंट संस्थानों को पछाड़कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में राजस्थान, उत्तरप्रदेश, दिल्ली एवं हरियाणा की 21 प्रबंध संस्थानों की टीमों ने भाग लिया।
प्रबन्धन संकाय कि डीन प्रो. महिमा बिड़ला ने विजेता टीम को बधाई देते हुए जानकारी दी कि पिछले छह वर्षों से श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की टीमे आइमा गेम्स में देश में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करती रही है। उन्होंने बताया कि पेसिफिक में अध्ययनरत मैनेजमेन्ट छात्रों को हमेशा ही सैद्धान्तिक पाठ्यक्रम के अलावा व्यावहारिक गतिविधियों व प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित व प्रशिक्षित किया जाता है। महाविद्यालय के इन्हीं प्रयासों के कारण महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ देश की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं।
प्रो. बिड़ला ने जानकारी दी कि आइमा द्वारा आयोजित यह एक अत्यन्त प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है जिसमें अखिल भारतीय स्तर पर देश के अग्रणी प्रबन्धन संस्थान जैसे- अमिटी यूनिवर्सिटी- दिल्ली, सिम्बोयोसिस-पुणे, नरसी मोनजी-मुम्बई, वेलिंगकर इंस्टीट्यूट- मुम्बई, निरमा विश्वविद्यालय-अहमदाबाद, पारूल विश्वविद्यालय, आई.आई.एम. बैंगलोर, भद्रुका विश्वविद्यालय-हैदराबाद, अमृता विश्वविद्यालय-कोयम्बटूर, रमइया कॉलेज-बैंगलोर, एशिया पेसिफिक विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी-जालंधर आदि की टीमें भाग लेती रही हैं। पेसिफिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विगत वर्षों में इन सभी संस्थानों की टीमों को पछाड़ कर लगातार छः वर्षों से उल्लेखनीय जीत हासिल की है। इसी सराहनीय प्रदर्शन को जारी रखते हुए पेसिफिक फैकल्टी ऑफ मैनेजमेन्ट के विद्यार्थियों हिमांशु पांचाल, संदीप व्यास, रतिका सर्वा एवं एकता प्रजापत की टीम ने इस क्षेत्रीय राउण्ड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता में पेसिफिक की ही एक और टीम ने भी भाग लिया और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पेसिफिक सेन्टर ऑफ साइम्युलेशन के समन्वयक डा. शिवहोम सिंह ने बिजनेस साइम्युलेशन के बारे में जानकारी दी कि पेसिफिक सेन्टर ऑफ साइम्युलेशन अपनी तरह का देश में अनूठा केन्द्र है। जो छात्रों को परिकल्पित वातावरण में व्यापार निर्णय लेने में मदद करता है। प्रबन्ध साइम्युलेशन में प्रत्येक प्रबन्धकीय टीम एक परिकल्पित उपक्रम का प्रतिनिधित्व करती हैं, उन्हें एक परिकल्पित वातावरण में विभिन्न कार्यक्षेत्रों के विभिन्न प्रकार के निर्णय लेने होते हैं। उत्पादन, विपणन, वित्त, एवं मूल्य रीति-नीति सम्बन्धी लिए जाने वाले निर्णय ऑल इण्डिया मैनजमेन्ट एशोसियन के ‘चाणक्य’ नामक विशेष साफ्टवेयर में दर्ज किये जाते है। इसके फलस्वरूप कम्प्युटर सृजित अनेक विकल्प प्रतिभागी टीम के सम्मुख उपस्थित होते है। इन विकल्पों के सम्बन्ध में प्रत्येक टीम को एक वास्तविक उपक्रम की प्रबन्धकीय टीम की तरह एक श्रृंखलाबद्ध क्रम में अनेक निर्णय लेने होते है। इन सभी निर्णयों के आधार पर उस परिकल्पित व्यावसायिक उपक्रम के अन्तिम परिणाम कम्प्युटर साफ्टवेयर द्वारा प्रस्तुत किए जाते है। इन परिणामों के आधार पर विजेता और उपविजेता टीमों का निर्णय लिया जाता हैं। विजेता टीम 30 नवम्बर को कोयम्बटूर में होने वाले राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply