प्राचीन भारतीय ज्ञान और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम
उदयपुर। वर्तमान समय में तनाव, चिंता और मानसिक दबाव तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में उदयपुर की ध्यान प्रशिक्षक, लेखिका एवं वेलनेस कोच शीतल झोटा सिसोदिया ने लोगों को मानसिक संतुलन और आंतरिक शांति प्रदान करने के उद्देश्य से “तत्त्वम मेडिटेशन ऐप” लॉन्च किया है। यह ऐप अब एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। पिछले एक दशक से ध्यान, भावनात्मक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही शीतल झोटा सिसोदिया अब तक 40,000 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं। उनका मानना है कि आज की तेज़-रफ्तार जीवनशैली में लोगों को ऐसी सरल और प्रभावी तकनीकों की आवश्यकता है, जिन्हें वे अपने दैनिक जीवन में आसानी से अपना सकें।
तत्त्वम ऐप की विशेषता यह है कि यह केवल सामान्य मेडिटेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय दर्शन में वर्णित विभिन्न “तत्त्वों” के आधार पर तैयार किया गया है। ऐप में उपयोगकर्ताओं को उनकी मानसिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं के अनुसार मेडिटेशन चुनने और अभ्यास करने की सुविधा मिलती है। ऐप में 100 से अधिक गाइडेड मेडिटेशन, लाइव मेडिटेशन सेशन, एक मिनट की माइंडफुलनेस तकनीकें, भावनात्मक संतुलन के लिए विशेष ध्यान, नींद सुधारने वाले मेडिटेशन, आत्मविश्वास बढ़ाने वाले सत्र तथा व्यक्तिगत विकास से जुड़े कई कार्यक्रम उपलब्ध हैं। शीतल झोटा सिसोदिया ने बताया कि तत्त्वम का उद्देश्य केवल लोगों को कुछ मिनट शांत बैठाना नहीं है, बल्कि उन्हें अपने वास्तविक स्वभाव, मानसिक स्पष्टता और जीवन के उद्देश्य से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य। उन्होंने आगे कहा कि उनकी दीर्घकालिक दृष्टि भारत के प्रत्येक परिवार में कम से कम एक व्यक्ति को ध्यान की जीवनशैली से जोड़ने की है, ताकि समाज में अधिक शांति, संतुलन और सकारात्मकता का निर्माण हो सके। तत्त्वम मेडिटेशन ऐप वर्तमान में गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।