टोलनाके पर ट्रोले ने मारी टक्कर, तीन मरे

BY — September 4, 2014

कार और वैन के उड़े परखच्चे, सात घायल

040909उदयपुर। भींडर थाना क्षेत्र के नारायणपुरा टोल नाके पर आज सुबह एक ट्रोले ने इंडिका कार और वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। कार सवार दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई और शव कार में फंस गए, जिन्हेें बड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका, वहीं वैन में सवार एक वृद्ध की भी उदयपुर के एमबी हॉस्पीटल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

040910हादसे में घायल सात जनों को भी एमबी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ट्रोला भी टोल नाके से आगे आकर पलट गया। ट्रोले में गेहूं की बोरियां भरी थी, जो सडक़ पर बिखर गई। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने बहाल करवाया। बताया गया कि ट्रोले के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसा सुबह साढ़े आठ बजे हुआ, जब नारायणपुरा टोल नाके के बूथ नंबर चार पर इंडिका कार और एक वैन पर्ची कटवा रही थी। तब उदयपुर की तरफ आ रहे ट्रोले ने दोनों वाहनों को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे टोलनाके से आगे तक बिखर गए। इंडिका में सवार जयपुर की जेडीए कॉलोनी निवासी बसंत (४५) पुत्र हरेंद्र पांडे, कार चालक जेडीए कॉलोनी निवासी प्रेमकुमार (३२) पुत्र रामलाल की मौत हो गई।  बसंत पांडे जेडीए में अधिकारी बताए गए हैं। दोनों की शिनाख्त ड्राइविंग लाइसेंस से हुई।

040911040912कार में एक और व्यक्ति था जो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एमबी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। इसी प्रकार वैन में सवार सिंगरोली (नीमच) निवासी मोहनलाल (६०) पुत्र केसरीलाल धाकड़ की यहां एमबी हॉस्पीटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मोहनलाल और उसके चाचा चतरमल का कुछ समय पूर्व हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। दोनों का चेकअप कराने परिजन उन्हें लेकर उदयपुर आ रहे थे। इस बीच यह हादसा हो गया। वैन सवार घायलों में हेमराज पुत्र देवीलाल (३०), चतरमल पुत्र देवीकिशन (७०), नंदकिशोर पुत्र चतरमल (३२), नरेश पुत्र कैलाश (१०), श्याम पुत्र सुंदरलाल (३६), राधेश्याम पुत्र कचरूमल (२८) शामिल हैं, जिन्हें एमबी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। मोहन का शव एमबी हॉस्पीटल के मुर्दाघर में रखवाया गया है, जबकि प्रेमकुमार और बसंत पांडे का शव भींडर अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
आधा घंटे लगा जाम : कार और वैन को टक्कर मारने के बाद गेहूं की बोरियों से भरा ट्रोला टोलनाके से निकलकर सडक़ पर पलट गया। हादसे के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे और गेहूं की बोरियां सडक़ पर बिखर गई। इससे आधे घंटे तक वहां जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे भींडर थानाधिकारी देवीसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने रास्ता बहाल करवाने के साथ ही शवों को मुर्दाघर पहुंचाया और घायलों को उदयपुर के एमबी हॉस्पीटल में भर्ती कराया। जेडीए कॉलोनी निवासी मृतक बसंत और प्रेमकुमार के परिजनों को सूचना दे दी गई जो जयपुर से रवाना हो गए हैं।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *