उदयपुर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेस्ट एवं टीबी विशेषज्ञ तथा इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ.अतुल लुहाड़िया को रेस्पिरेटरी मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और शोध कार्य हेतु “डॉ.विवेक अथेया मेमोरियल राजस्थान स्टेट इंडियन चेस्ट सोसाइटी एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि राजस्थान के माननीय उपमुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा रहे, जिन्होंने डॉ. लुहाड़िया को यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि इस सम्मान के लिए पूरे राजस्थान से मात्र एक ही चेस्ट विशेषज्ञ का चयन किया जाता है, जो इस अवॉर्ड की विशिष्टता को और भी बढ़ाता है। डॉ.लुहाड़िया को यह अवॉर्ड रेस्पिरेटरी मेडिसिन में उनके गहन शोध कार्य,उत्कृष्ट नैदानिक सेवाओं तथा रोगियों के उपचार में नई तकनीकों के सफल प्रयोग के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने कई जटिल मामलों का सफल उपचार कर न केवल चिकित्सा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, बल्कि मरीजों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाई है। सम्मान समारोह के दौरान आयोजित ’राजपल्मोकॉन स्टेट कॉन्फ्रेंस’ में डॉ.लुहाड़िया ने “अनडायग्नोज्ड एवं कॉम्प्लीकेटेड प्लूरल इफ्यूजन में मेडिकल थोरेकोस्कोपी की भूमिका” विषय पर व्याख्यान भी प्रस्तुत किया। उनका यह व्याख्यान विशेषज्ञों और प्रतिभागियों द्वारा अत्यधिक सराहा गया। डॉ. लुहाड़िया के इस उपलब्धि पर पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमेन राहुल अग्रवाल ने शुभकामनाएं प्रेषित की और इसे संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया।












